लोकसभा चुनाव-2024 में अपनी जीत के लिए नेता दिन-रात प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी इंडिया गठबंधन के साथ इस बार पूरा ज़ोर लगा रखा है। लेकिन इस बीच यूपी के आजमगढ़ में आयोजित अखिलेश यादव की जनसभा में भगदड़ मचने की घटना घटी है। अखिलेश की इस जनसभा में ऐसा हंगामा कटा कि मौके पर व्यवस्था संभालने के लिए मौजूद पुलिस को हल्के बल का प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने बेकाबू हुए सपा समर्थकों पर लाठियां चलाईं।

बता दें कि लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार करने आज समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव आजमगढ़ पहुंचे थे। तभी उन्हें देखने के लिए सभा में आए हुए समर्थक बेकाबू हो गए। सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए वह मंच पर जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ इतनी बेकाबू हो गई कि पुलिस को उन पर लाठीचार्ज कर उन्हें वहां से हटाना पड़ा। यह तीसरी बार है कि अखिलेश यादव की जनसभा में बवाल हो गया। भीड़ व्यवस्थाओं पर भारी पड़ गई और पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
अखिलेश ने रैली में आए कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि आप लोग समाजवादी कार्यकर्ता हैं। आप लोग इस जोश को 25 मई तक संभाल कर रखिए। अनुशासन को भंग मत कीजिए। इसके बाद समर्थक शांत हो गए। बता दें कि सपा ने आजमगढ़ से दरोगा प्रसाद को प्रत्याशी बनाया है।
इससे पहले अखिलेश की प्रयागराज में राहुल गांधी के साथ रैली थी। इस रैली में भी सपा समर्थक बेकाबू हो गए थे। हाालांकि वहां पुलिस ने लाठीचार्ज का प्रयोग नहीं किया था। इस कारण समर्थक मंच पर चढ़ गए थे। इसके बाद नाराज अखिलेश और राहुल ने बिना रैली को संबोधित किए लौट गए थे। प्रयागराज के अलावा संतकबीरनगर में भी सपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी थी। इसके बाद रैली में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।